डालनवाला में स्कूटी सवार युवकों ने वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट से की मारपीट, 3 आरोपियों पर मुकदमा
देहरादून:कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के अंतर्गत एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर वरिष्ठ पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर हुए कथित हमले की घटना के बाद पत्रकार जगत, सामाजिक संगठनों और मीडिया से जुड़े लोगों में आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निर्भीक पत्रकारिता पर हमला बताया जा रहा है। पत्रकार संगठनों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और मीडिया की स्वतंत्रता को प्रभावित करती हैं।
पत्रकार हेम भट्ट द्वारा थाना डालनवाला में दी गई तहरीर के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह अपने ऑफिस जय भारत टीवी, कॉन्वेंट रोड से अपने घर शांति विहार, हरिद्वार बाईपास की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शाम लगभग 05:50 बजे एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड की ओर मुड़ते ही स्कूटी सवार तीन अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और फिर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि अगर वह आगे भी न्यूज चलाएंगे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक युवती भी शामिल थी, जिसकी उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।