दुर्गम इलाकों की गर्भवती महिलाओं के लिए वरदान, शुरू हुई निशुल्क हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस
रुद्रप्रयाग: दूरस्थ और दुर्गम इलाकों की गर्भवती महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। अब सड़क मार्ग की दूरी या खराब मौसम उनकी जान को खतरे में नहीं डालेगा, क्योंकि जिला प्रशासन ने निशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी है।
यह सेवा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से संचालित हो रही है। सेवा के तहत आज पहला सफल ऑपरेशन हुआ, जिसमें जखोली ब्लॉक के वन चेतना पार्क से रुद्रप्रयाग निवासी उदीना (पत्नी महेश) को हेलीकॉप्टर द्वारा उच्च स्तरीय जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा, “अब दूरी नहीं बनेगी बाधा, सुरक्षित मातृत्व हमारा वादा”। उन्होंने बताया कि यूकाडा, जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से यह अभियान चलाया जा रहा है।
यह पहल विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी जहां सड़क संपर्क सीमित है या आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में काफी कमी आने की उम्मीद है और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित होगा।
सरकार की यह पहल वाकई सराहनीय है। यदि सेवा को और बेहतर तरीके से जागरूकता के साथ लागू किया जाए, तो हजारों माताओं और शिशुओं की जान बचाई जा सकेगी।