बिना स्वीकृति निर्माण पर MDDA का शिकंजा, कई अवैध निर्माण सील किए

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के हो रहे निर्माण और प्लॉटिंग पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एमडीडीए का स्पष्ट संदेश है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण या प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोगपुर रानीपोखरी क्षेत्र में नफीस पुत्र मोहम्मद जमील द्वारा एलिक नेचर विला और आईकॉन रिसॉर्ट के निकट, ग्राम बागी इठाराना मार्ग पर बिना स्वीकृति प्लॉटिंग कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर निरीक्षण कर निर्माण को नियमों के विरुद्ध पाते हुए तत्काल सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता दीपक नौटियाल, स्वाती कोहली और संबंधित सुपरवाइजर मौजूद रहे।

इसी क्रम में, रायवाला ऋषिकेश में वुड रिसॉर्ट के सामने प्रीत कुमार द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति बनाई गई दुकानों को भी सील कर दिया गया। साथ ही गली नंबर 6, हरिपुर कला, ऋषिकेश में दिनेश मंगाई द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुपरवाइजर और पुलिस बल की उपस्थिति में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी हुई।

एमडीडीए लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर अवैध निर्माणों की पहचान कर रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल अवैध निर्माण रोकना नहीं, बल्कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नियोजित विकास सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा…

“प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग और निर्माण से न सिर्फ नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि पूरे क्षेत्र के नियोजित विकास पर बुरा असर पड़ता है। हम लगातार निगरानी रख रहे हैं और जहां भी उल्लंघन मिलता है, तत्काल कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी निर्माण से पहले मानचित्र की स्वीकृति अवश्य लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।”

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया, “एमडीडीए अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रहा है। हमारी टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्ध निर्माणों की जांच कर रही हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अनुरोध है कि सभी निर्माण कार्य प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृति लेकर ही शुरू करें।”

यह अभियान देहरादून-ऋषिकेश क्षेत्र में अनियोजित विकास को रोकने और शहर को सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एमडीडीए की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।