MDDA का सख्त एक्शन, देहराखास के वेद सिटी में बिना मानचित्र के निर्माणाधीन भवन सील

देहरादून: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए देहराखास क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया है।

प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वेद सिटी गली नंबर-1 में दिनेश्वर पंडित एवं सूरज द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य चल रहा था। शिकायत मिलने पर MDDA टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भवन को तत्काल सील कर दिया।यह कार्रवाई संयुक्त सचिव प्रत्युष कुमार के निर्देश पर की गई। मौके पर सहायक अभियंता निशांत कुकरेती और सुपरवाइजर की मौजूदगी में निर्माण कार्य रोका गया।

शहर के सुनियोजित विकास पर खतरा- बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और नागरिकों की सुरक्षा के लिए निर्माण कार्यों का नियमानुसार होना बेहद आवश्यक है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी अनियमितता मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी टीमों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निर्माण से पहले मानचित्र की स्वीकृति अवश्य लें और आसपास हो रहे अवैध निर्माण की सूचना MDDA को दें।

अवैध निर्माण पाए जाने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण और जुर्माना जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई MDDA द्वारा चलाए जा रहे सतत निरीक्षण अभियान का हिस्सा है, जिसमें प्राधिकरण क्षेत्र में अनियोजित निर्माणों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।