SGRRU जॉब उत्सव: 200 छात्र-छात्राओं को शानदार प्लेसमेंट, 35 कंपनियों ने दिए लाखों के पैकेज

  • 35 प्रतिष्ठित कंपनियों की मौजूदगी, लाखों के पैकेज पर चयन
  • 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
  • अन्य विश्वविद्यालय व शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने भी की बढ़चढ़कर भागीदारी

देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के पथरी बाग कैंपस में शनिवार को आयोजित जॉब उत्सव 4.0 ने युवाओं के करियर को नई ऊंचाई दी। एक दिवसीय इस भव्य रोजगार मेले में 200 छात्र-छात्राओं का सफल कैंपस प्लेसमेंट हुआ, जबकि 1000 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस आयोजन में आईटी, फार्मास्यूटिकल, मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और फाइनेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों की 35 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। प्रमुख कंपनियों में आईटीसी, टेक महिंद्रा, मुथुट फाइनेंस, एसबीआई, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, एनआईआईटी, विंडलास, जस्ट एग्रीकल्चर, डिजियूनी और स्मार्ट ब्रेन्स शामिल रहीं। चयनित छात्रों को आकर्षक पैकेज वाली नौकरियां मिलीं, जिससे उनके करियर की मजबूत नींव पड़ी। प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. मनीषा मैदुली ने बताया कि यह जॉब उत्सव छात्र-छात्राओं के लिए बेहतरीन अवसर साबित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

खास बात यह रही कि कंपनियों के एचआर विशेषज्ञों ने मौके पर ही छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी, करियर चयन और प्रोफेशनल स्किल्स पर मार्गदर्शन दिया। चयन प्रक्रिया तीन चरणों – लिखित परीक्षा, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार पर आधारित रही।

इस सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल, इंडस्ट्री इंटरफेस सेल और प्लेसमेंट सेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समन्वयक, सभी विभागों के डीन, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।