भीमताल में उप-तहसील, रामगढ़-धारी में मंडी: CM धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भीमताल में उप-तहसील बनाई जाएगी। ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जाएंगी।
कृषि क्षेत्र में रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में किसानों के लिए नई मंडियों का निर्माण होगा। लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे।
ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब स्थापना और कंप्यूटर विभाग के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित कंप्यूटर साइंस भवन का भी उद्घाटन किया और छात्रों के नवाचार की सराहना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।