पहाड़ी लोक से बॉलीवुड बीट तक: 27-28 अप्रैल को SGRR में दो दिवसीय स्टार नाइट
27 अप्रैल को प्रियंका मेहर, 28 को विशाल मिश्रा का लाइव काॅन्सर्ट
देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव जैनिथ 2026 के तहत दो दिवसीय स्टार नाइट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 27 और 28 अप्रैल को होने वाले इस कार्यक्रम में उत्तराखंडी लोक गायिका प्रियंका मेहर और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर विशाल मिश्रा छात्र-छात्राओं को अपनी मधुर आवाज से मंत्रमुग्ध करने वाले हैं।
27 अप्रैल को प्रियंका मेहर उत्तराखंडी लोक संगीत की रंगत बिखेरेंगी। डीजे निक के हाई-वोल्टेज साउंड के साथ उनका धमाकेदार प्रदर्शन युवाओं को झूमने पर मजबूर कर देगा। प्रियंका मेहर पहाड़ी लोक संस्कृति और पारंपरिक धुनों के जरिए मिट्टी की खुशबू और अपनी जड़ों से जुड़ाव का खूबसूरत अनुभव कराएंगी।
28 अप्रैल को बॉलीवुड सिंगर विशाल मिश्रा का लाइव कॉन्सर्ट होगा। अपनी हिट गानों और सुरीली आवाज के साथ वे पूरे माहौल को रोमांचक और यादगार बना देंगे। युवाओं की धड़कनों को और तेज करने वाला यह प्रदर्शन उत्साह से भरपूर रहने वाला है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने बताया कि जैनिथ 2026 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन पथरी बाग स्थित विश्वविद्यालय के हैलीपैड पर किया जाएगा, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
यह दो दिवसीय संगीत उत्सव सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक युवा जोश का अनूठा मिश्रण साबित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों को सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी जड़ों से जोड़ने और भरपूर मनोरंजन का अवसर प्रदान कर रहा है।