MDDA का बड़ा एक्शन: 20 बिघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, ऋषिकेश में कई इमारतें सील

ऋषिकेश-कुंआवाला में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 20 बिघा से ज्यादा क्षेत्र ध्वस्त, कई बहुमंजिला इमारतें सील

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। प्राधिकरण की टीम ने कुंआवाला-हरिद्वार रोड से लेकर ऋषिकेश तक सख्त कार्रवाई करते हुए 20 बिघा से अधिक क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। साथ ही कई बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।

प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम और पुलिस बल के साथ चलाए गए इस अभियान में किद्दूवाला-तुन्नुवाला क्षेत्र (रायपुर रोड) में लगभग 7-8 बिघा की अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं कुंआवाला-हरिद्वार रोड के पास पम्पकिन रेस्टोरेंट के निकट करीब 12 बिघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को पूरी तरह तोड़ दिया गया। मौके पर सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा, अवर अभियंता मनीष मेहर समेत पूरी टीम मौजूद रही।

ऋषिकेश में बहुमंजिला निर्माणों पर सीलिंग का शिकंजा ऋषिकेश क्षेत्र में भी एमडीडीए ने सख्ती बरती। आमबाग गली नंबर 1 में दो अवैध बहुमंजिला निर्माण, निर्मल बाग ब्लॉक बी और सी में कई इमारतें तथा गंगा विहार कॉलोनी में व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। मनसा देवी क्षेत्र में भी अवैध व्यावसायिक बहुमंजिला निर्माणों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के प्रमुख मामले:

  • संजीव शर्मा, नवीन डोबरियाल और संजय उपाध्याय द्वारा किद्दूवाला-तुन्नुवाला में 7-8 बिघा अवैध प्लॉटिंग।
  • रौबिन चौहान और प्रतीक जुयाल द्वारा कुंआवाला-हरिद्वार रोड पर 12 बिघा अवैध प्लॉटिंग।
  • आमबाग गली नंबर 1 में जय राम सेमवाल और लक्ष्मी भट्ट के निर्माण।
  • निर्मल बाग में कृष्णा, भानू रावत और मीनीष अग्रवाल के बहुमंजिला निर्माण।
  • गंगा विहार कॉलोनी में संजय चौधरी का व्यावसायिक निर्माण।
  • मनसा देवी क्षेत्र में नरेन्द्र और जय प्रकाश भद्री के अवैध निर्माण।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध प्लॉटिंग या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि प्लॉट या भवन खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें, ताकि बाद में परेशानी न हो।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्रवर्तन टीम लगातार निगरानी कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।

एमडीडीए ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिना अनुमति के कोई भी निर्माण या प्लॉटिंग करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।