श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में भावुक माहौल में फिजियोथेरेपी विद्यार्थियों को दी गई विदाई
देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एलाइड एण्ड हेल्थ केयर के फिजियोथेरेपी विभाग में सीनियर विद्यार्थियों के विदाई समारोह भावुक और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक सफर, खट्टे-मीठे अनुभवों और विभाग से जुड़ी यादों को साझा किया। कभी हंसी के साथ तो कभी भावुक होकर सीनियर्स ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और मिले अनुभवों को याद किया। उन्होंने कहा कि यहां बिताया गया समय न सिर्फ उनके शैक्षणिक विकास का आधार बना, बल्कि उन्हें एक संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवर बनने की प्रेरणा भी प्रदान की।
इस अवसर पर डीन प्रो. डॉ. कीर्ति सिंह ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिजियोथेरेपी का क्षेत्र सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज सेवा में करें।
विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) नीरज कुमार सहित सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र-छात्राएं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देंगे।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्मृतियों के साझा, सम्मान समारोह और भावुक क्षणों ने पूरे माहौल को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग से मिले संस्कार, ज्ञान और रिश्ते उन्हें जीवनभर साथ निभाएंगे।