SGRR मेगा शिक्षक भर्ती में उमड़ा युवाओं का सैलाब, 5500 अभ्यर्थी जुटे

  • एसजीआरआर शिक्षक भर्ती में 5500 अभ्यर्थी पहुंचे
  • उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग
  • तालाब शाखा में चार दिवसीय प्रक्रिया 26 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित
  • रोजगार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा एसजीआरआर एजुकेशन मिशन
  • लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर 100 से अधिक शाखाओं के लिए होगा चयन

देहरादून: श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की 100 से अधिक शाखाओं के लिए चल रही मेगा शिक्षक चयन प्रक्रिया युवाओं के भरपूर उत्साह का केंद्र बन गई है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से हजारों अभ्यर्थी इस भर्ती में भाग ले रहे हैं। चार दिवसीय चयन प्रक्रिया 26 मई से 29 मई 2026 तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल तालाब शाखा में आयोजित हो रही है।

तालाब शाखा परिसर इन दिनों प्रतिभाओं के संगम में बदल गया है। पहले दिन से ही सुबह सात बजे से अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगने लगीं। मिशन के अनुसार पूरे अभियान में करीब 5,500 अभ्यर्थी भाग लेंगे। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा (80 अंक) और साक्षात्कार (20 अंक) के आधार पर हो रही है। इस भर्ती की सबसे सराहनीय बात यह है कि परीक्षा के उसी दिन मूल्यांकन, साक्षात्कार और परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों ने इस त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया की खुलकर प्रशंसा की है। यदि कोई अभ्यर्थी परिणाम से संतुष्ट न हो तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है, जिसकी ऑन-कैमरा जांच की जाएगी।दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों से युवा इस अवसर का लाभ लेने पहुंचे हैं। एसजीआरआर एजुकेशन मिशन उत्तराखण्ड के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।