5 जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम एक बार फिर खराब होने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार (31 मई 2026) को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर, जागेश्वर धाम, लोहाघाट, भीमताल, गंगोलीहाट, बेरीनाग और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का सबसे अधिक प्रभाव रहने की संभावना है। अचानक मौसम खराब होने, दृश्यता घटने और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा टालने की अपील की है। लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों के पास न रहने और भूस्खलन वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने सतर्कता बरतते हुए एडवाइजरी जारी की है कि खराब मौसम में नदी-नालों के किनारे न जाएं और प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करें।