हल्द्वानी स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: 4 गिरफ्तार, 6 युवतियों का रेस्क्यू

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया क्षेत्र के ‘एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर’ में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 6 युवतियों को रेस्क्यू किया है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशानुसार और सीओ ऑपरेशन अमित कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर AHTU प्रभारी सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की। तलाशी के दौरान परिसर में अनैतिक गतिविधियां संचालित पाई गईं, जिससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 4,320 रुपये नकद, एंट्री रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

इस मामले में पुलिस ने नीरज सिंह (चमोली/देहरादून), कार्तिकेय गुप्ता (फर्रुखाबाद, यूपी), पूनम (दिल्ली – मैनेजर) और अतुल ठाकुर (हल्द्वानी – वॉचर) को गिरफ्तार किया है। स्पा संचालक राहुल जायसवाल मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेस्क्यू की गई 6 युवतियों को काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी धरपकड़ जारी रहेगी।