कैंची धाम में धूमधाम से मनाया गया 62वां स्थापना दिवस, CM धामी ने भक्तों को दी शुभकामनाएं

नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज का 62वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के पांच बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और बाबा को मालपुए का भोग लगाया गया।

रातभर कतारों में खड़े रहने वाले श्रद्धालुओं को क्रमवार मंदिर में प्रवेश कराया गया। बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों से पूरा कैंची धाम गूंज उठा। दर्शन के बाद भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि मंदिर समिति के सेवादार लगातार मालपुए का प्रसाद वितरित करते रहे।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात किए गए, साथ ही यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो और दर्शन सुचारु रूप से चलते रहें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी शुभकामनाएं इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंची धाम के प्रतिष्ठा दिवस पर सभी श्रद्धालुओं और भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में सीएम धामी ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज ने भक्ति, सेवा, त्याग और मानव कल्याण का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज और प्रभु श्री हनुमान जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। साथ ही समाज में सेवा और सद्भावना की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।

कैंची धाम के इस पावन अवसर पर भक्तों में अपार उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।