SGRR इंटरनेशनल स्कूल पहुँचे मुख्यमंत्री, शिक्षा और संस्कार को मिली नई ऊर्जा

  • मुख्यमंत्री धामी बोले- राष्ट्र निर्माण में एसजीआरआर का योगदान सराहनीय
  • सीएम धामी ने किया सेवा, शिक्षा और संस्कार का सम्मान
  • स्कूल परिवार की ओर से स्कूल प्रांगण में मुख्यमंत्री धामी का जोरदार स्वागत

देहरादून: सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुंचे। विद्यालय परिवार ने पुष्पवर्षा, पुष्पगुच्छ और पारंपरिक सम्मान के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुंचकर सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने श्री गुरु राम राय संस्थान की शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान समाज के सभी वर्गों को गुणवत्तापूर्ण विद्यालयी, उच्च एवं मेडिकल शिक्षा के साथ उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, प्रतिभा और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर तथा श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला, पुनीत मित्तल तथा मुख्यमंत्री के सचिव वंशीधर तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय के आधुनिक भवन, अत्याधुनिक अधोसंरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री के आगमन को अपने लिए प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण अवसर बताया।