मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे अपने पैत्रिक गांव, इंटर कॉलेज भवन का किया लोकार्पण

पौड़ी गढ़वाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पैतृक क्षेत्र में लोगों से आत्मीय मुलाकात की। गांव पहुंचने पर बच्चों ने गीत गाकर और विशेष अंदाज में उनका स्वागत किया, जिससे माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो गया।

बीते शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। तीनों नेताओं का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। जिसके बाद शुक्रवार को ही सीएम योगी आदित्यनाथ पौड़ी गढ़वाल के लिए रवाना हुए।शुक्रवार अपराह्न करीब 3:15 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर हेलिपैड पर पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। हेलिपैड से कुछ ही दूरी पर स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर उन्होंने लगभग 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की।

इसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3:34 बजे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा— “विद्यालय को एक भव्य और आधुनिक भवन उपलब्ध हुआ है। आगामी एक माह के भीतर छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं भी पूरी कर दी जाएंगी।” उन्होंने शिक्षा को समाज के भविष्य की नींव बताते हुए बेहतर संसाधनों पर जोर दिया।