इन्दिरेश अस्पताल का सख्त एक्शन, झूठी खबर फैलाने पर यूट्यूब चैनल पर 5 करोड़ का मुकदमा

“सनसनी फैलाने की कीमत चुकाएगा राय शुमारी!

देहरादून: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने यूट्यूब चैनल ‘राय शुमारी’ पर भ्रामक और तोड़-मरोड़कर खबर प्रसारित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल अब इस मामले में 5 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर करने जा रहा है।

यूट्यूब चैनल ‘राय शुमारी’ ने एक नवजात शिशु के इलाज से जुड़ी खबर को सनसनीखेज बनाने के लिए पूरी तरह झूठा और भ्रामक दावा किया था। चैनल ने यह कहा था कि 25 हजार रुपये न होने के कारण बच्चे का इलाज नहीं हो सका और इलाज में देरी हुई। हालांकि सच्चाई इससे बिल्कुल उलट निकली। बच्चे के पिता आशीष राजवंशी ने खुद सामने आकर अस्पताल का पक्ष लिया और स्पष्ट किया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में उनके बच्चे को तुरंत इलाज मिला। उन्होंने कहा कि उपचार में कोई देरी नहीं हुई और वे डॉक्टरों तथा स्टाफ की सेवाओं से पूरी तरह संतुष्ट हैं। आशीष राजवंशी ने बताया कि बच्चे का इलाज अच्छी तरह चल रहा है और उम्मीद है कि एक-दो दिनों में बच्चे को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ‘राय शुमारी’ चैनल ने बिना किसी तथ्य की जांच किए सिर्फ सस्ती लोकप्रियता और व्यूज हासिल करने के लिए खबर को तोड़-मरोड़कर पेश किया। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल उत्तराखंड में आयुष्मान योजना के तहत सबसे अधिक मरीजों का इलाज करने वाला अग्रणी अस्पताल है।

अस्पताल ने सोशल मीडिया पर ऐसी फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाने वाले यूट्यूब चैनलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में जनता को गुमराह न किया जा सके और मीडिया की विश्वसनीयता बनी रहे।