अकाउंटेंट रंगे हाथों गिरफ्तार, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी: उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने आज आरोपी अकाउंटेंट को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये घूस लेते समय मौके पर ही दबोच लिया। शिकायतकर्ता का 3 लाख रुपये का शौचालय निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत हो चुका था। काम पूरा होने के बाद अपनी FDR रिलीज कराने के लिए आरोपी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। जब शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया तो उसने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने पूरे मामले की सतर्कता के साथ निगरानी की और तय योजना के अनुसार आरोपी को ब्लॉक कार्यालय में ही 15,000 रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया। पूरी रिश्वत राशि भी बरामद कर ली गई।

आरोपी हर सिंह बिष्ट मूल रूप से अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में लमगड़ा ब्लॉक में लेखाकार के पद पर कार्यरत था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

निदेशक सतर्कता अधिष्ठान डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सफलता पर टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की सूचना तुरंत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें।