चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत:19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट
देहरादून: उत्तराखंड में बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ रविवार, 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर होने जा रहा है। इसी दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल को खुलेगा।
गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया आज सुबह से शुरू हो गई। तीर्थ पुरोहित अशोक सेमवाल के अनुसार, सुबह 8:30 बजे मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न हुए। मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन निवास मुखबा से दोपहर 12:15 बजे गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। डोली आज रात धरानी घाटी में विश्राम करेगी और कल सुबह गंगोत्री पहुंचकर कपाट खोले जाएंगे। डोली विदाई के समय सेना के बैंड और भक्तों के जयकारों से मुखबा गांव गुंजायमान रहा।
देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस पावन अवसर का गवाह बनने उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री के मार्गों पर भक्तों की आवाजाही बढ़ गई है।
केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग प्रशासन ने हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि गौरीकुंड से केदारनाथ तक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर 360 डिग्री कैमरे और केदारनाथ मंदिर परिसर में करीब 90 अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहेंगे, जिससे यात्रियों को रियल टाइम निगरानी और तुरंत मदद मिल सकेगी।
प्रशासन ने यात्रा मार्ग को सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की है। स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपदा प्रबंधन की भी पूरी तैयारी की गई है। इस बार चारधाम यात्रा आस्था, श्रद्धा और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम दिखाएगी।
उत्तराखंड सरकार और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। देवभूमि अब पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है।