केदारनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ: आज ओंकारेश्वर मंदिर से निकली बाबा केदार की डोली

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली भव्य रूप से धाम के लिए रवाना हो गई। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ डोली ने मंदिर की परिक्रमा की और आगे बढ़ गई।

डोली प्रस्थान के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के साथ पैदल यात्रा पर निकल पड़े। मंदिर परिसर को भव्य ढंग से सजाया गया था, जिसमें आठ कुंतल फूलों का उपयोग किया गया। शनिवार रात्रि भैरवनाथ की विशेष पूजा भी संपन्न हुई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए आगे बढ़ेगी। पहले पड़ाव पर गुप्तकाशी पहुंचकर विश्वनाथ मंदिर में विश्राम करेगी और श्रद्धालुओं को दर्शन देगी। इसके बाद फाटा पहुंचकर रात्रि विश्राम होगा। 20 अप्रैल को फाटा से प्रस्थान कर गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 21 अप्रैल को गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होकर डोली मंदिर भंडार पहुंचेगी।

आगामी 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा।

प्रशासन, पुलिस और बद्री-केदार मंदिर समिति ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं अंतिम रूप दे दी हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान मौसम और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करवाकर यात्रा करें।