SGRR का गौरव: दिगम्बर ने विश्व पटल पर उत्तराखण्ड को दिलाई शानदार जीत

  • मिक्स मार्शल आर्ट में दिगम्बर ने इंडोनेशिया के अंगा को पराजित कर मेडल जीता
  • दिगम्बर और अमिन्दर एसजीआरआर पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र
  • उत्तराखण्ड की प्रतिभा को देश दुनिया में दिला रहे पहचान

देहरादून: विश्व मंच पर उत्तराखण्ड की प्रतिभा एक बार फिर चमक उठी है। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) ग्रुप के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत ने मिक्स मार्शल आर्ट (MMA) में शानदार जीत दर्ज कर देश-दुनिया में संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एमएमए प्रतियोगिता में दिगम्बर ने इंडोनेशिया के मजबूत खिलाड़ी अंगा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

दिगम्बर सिंह रावत और अमिन्दर सिंह बिष्ट दोनों एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, कर्णप्रयाग एवं आदिबदरी के पूर्व छात्र हैं। मंगलवार को दोनों खिलाड़ियों ने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और दोनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

दिगम्बर ने 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 देशों के 28 खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर में खिताबी जीत हासिल की। दोनों खिलाड़ी पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। अब वे उच्च शिक्षा के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे हैं।

एसजीआरआर ग्रुप में इस उपलब्धि से खुशी की लहर दौड़ गई है। दिगम्बर और अमिन्दर अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) में खिताब जीतने का सपना देख रहे हैं और इसके लिए लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनकी यह सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।