ऋषिकेश में अवैध निर्माण पर MDDA का सख्त एक्शन, बहुमंजिला इमारत सील

  • एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती बरतते हुए ऋषिकेश में बड़ी कार्रवाई की है। हरिद्वार रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट रिया अरोड़ा और गोपाल सती द्वारा बनाए जा रहे बहुमंजिला अवैध निर्माण को एसडीएम ऋषिकेश के निर्देश पर सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।एमडीडीए द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विरुद्ध चल रहे इस निर्माण पर पहले कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन अनदेखी करने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल निर्माण कार्य सील कर दिया। इस दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, तहसीलदार संदीप नेगी, अवर अभियंता पूनम और अमित भारद्वाज सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही होने चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एमडीडीए का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। तिवारी ने आम जनता से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमतियां अवश्य लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और आगे भी अवैध निर्माणों पर निगरानी रखी जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे अवैध निर्माण की सूचना तुरंत प्राधिकरण को दें।

प्राधिकरण इन दिनों देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर लगातार अभियान चला रहा है।