चंपावत प्रकरण मे कांग्रेस की भूमिका षड्यंत्रकारी: दीप्ति रावत

  • महिला के नाते कांग्रेस प्रभारी, महिला विरोधी कृत्यों पर अपने प्रदेश नेतृत्व से मंगवाए माफी

देहरादून: भाजपा ने चम्पावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर मुख्य षड्यंत्रकारी भूमिका का निर्वहन करने का आरोप लगाया है।

प्रदेश मुख्यालय मे पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने कहा कि एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई निराधार घटना की आड़ में कांग्रेस भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी को भी चुनौती देते हुए कहा कि महिला होने के नाते उन्हें अपने प्रदेश संगठन के महिला विरोधी कृत्यों को संज्ञान में लेते हुए उनसे माफी मंगवानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चंपावत में 5 मई को सामने आए कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कांग्रेस बहुत गैरजिम्मेदाराना, असंवेदनशील और शर्मनाक व्यवहार कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच और प्रभावित बेटी के बयानों से अब शीशे की तरह साफ हो गया है कि पूरे मामले को बदले की सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। जिसका राजनैतिक लाभ उठाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनकी पार्टी नेताओं द्वारा भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। क्योंकि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है वह आनंद मेहरा कांग्रेस नेता है, जो लगातार अपने बयान बदल रहा है। जिस तरह वह अब प्रभावित बेटी पर ही आरोप लगा रहा हैं, वह साफ संकेत है कि चुनाव लड़ने की राजनैतिक महत्वाकांक्षा के चलते यह सब षडयंत्र अंजाम दिया गया था। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे आनंद मेहरा को बिना तथ्यों के आरोप प्रत्यारोप के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।

दीप्ति रावत ने इस पूरे प्रकरण प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद राजनैतिक हताशा में कांग्रेस पार्टी अब साजिशें रचने में जुटी हुई है। चम्पावत की यह घटना इसका शर्मनाक जीता जगता प्रमाण है। स्पष्ट हुआ है कि कैसे भाजपा कार्यकर्ता को एक झूठे और फर्जी घिनौने प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया गया। बिना किसी जांच और ठोस तथ्यों के हमारे कार्यकर्ता और पार्टी को बदनाम करने में जुट गए।

उन्होंने कहा कि जनवरी माह में कांग्रेस वरिष्ठ नेता तिलक राज बेहड के बेटे द्वारा स्वयं पर हमला करवाया गया था। लेकिन उसमें भी स्वयं बेहड और कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार पर आरोप लगाकर मुद्दा बनाने का प्रयास किया गया। हाल में ही विधायक अरविंद पांडे के नकली वायरल पत्र को आधार बनाकर स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष ने झूठ बोलकर पत्रकार वार्ता तक की। जिसे खुद पांडेय द्वारा नकारा गया, फिर भी कांग्रेस के नेता अभी भी सोशल मीडिया आदि माध्यमों से झूठ परोसने से बाज नहीं आ रहे हैं। और अब चम्पावत की बेटी से संबंधित घटना पर कांग्रेस यही राजनैतिक षड़यंत्र को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की छवि खराब करने की ये सारी कोशिशें बताती हैं, यह संयोग नहीं सो है समझा प्रयोग है। इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह सब प्रदेश और मातृ शक्ति की छवि खराब होने की कीमत पर की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है और शीघ्र इस घटनाक्रम के दोषी सभी नाम सामने आयेंगे। इस साजिश में जो भी शामिल होगा, उन पर निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती कमलेश रमन, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी और महिला मोर्चा प्रवक्ता श्रीमती लक्ष्मी अग्रवाल भी मौजूद रहे।