विकासनगर में अवैध निर्माण पर MDDA की बड़ी कार्रवाई, यमुना विहार का व्यावसायिक भवन सील

देहरादून: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखते हुए विकासनगर क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने कैनाल बाईपास रोड, यमुना विहार, निकट गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल में गुलशन द्वारा बिना स्वीकृति के चल रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया।

प्राधिकरण की टीम द्वारा मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण निर्धारित मानकों और स्वीकृत मानचित्र के पूरी तरह विपरीत है। उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भवन को सील किया गया।

अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं- बंशीधर तिवारी

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे व्यवसायिक एवं आवासीय निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण द्वारा ऐसे सभी निर्माणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भवन निर्माण प्रारम्भ करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें। श्री तिवारी ने कहा कि एमडीडीए का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यवस्थित एवं सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। आने वाले समय में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्राधिकरण की टीम नियमित निगरानी कर रही है और जहां भी बिना अनुमति निर्माण पाया जाएगा, वहां तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से अनिवार्य स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।

कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अमर पाल, सुपरवाइजर एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

एमडीडीए ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आने वाले समय में और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।