120 मीटर गहरी खाई में जेसीबी दुर्घटनाग्रस्त, SDRF ने निकाला चालक का शव
पौड़ी गढ़वाल: सतपुली क्षेत्र के कुल्हाड़ बैण्ड के पास एक दुखद हादसा हो गया। एक जेसीबी अनियंत्रित होकर लगभग 120 मीटर गहरी दुर्गम खाई में गिर गई। हादसे में जेसीबी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
SDRF टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सतपुली SDRF पोस्ट से ASI प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। अत्यंत विषम और खतरनाक भौगोलिक परिस्थितियों में SDRF ने जोखिमपूर्ण ऑपरेशन चलाते हुए गहरी खाई में उतरकर मृतक चालक का शव बरामद किया।
मृतक की पहचान बाबूराम शर्मा (57 वर्ष), पुत्र बलवीर प्रसाद शर्मा, निवासी काशीराम, कोटद्वार के रूप में हुई है। SDRF टीम ने शव को सावधानीपूर्वक खाई से निकालकर मुख्य मार्ग पर लाया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
स्थानीय स्तर पर इस हादसे से काफी दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।