ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा अभियान: 8 अवैध बहुमंजिला भवन सील
देहरादून/ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक सीलिंग अभियान चलाया। बुधवार को संस्कृति लोक कॉलोनी से लेकर निर्मल बाग तक चले इस अभियान में कुल 8 अवैध बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया गया। पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच की गई इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई।
एमडीडीए की संयुक्त टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृति और नियमों के उल्लंघन कर बनाए जा रहे निर्माणों पर पहले नोटिस जारी किए थे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई।
अभियान के प्रमुख बिंदु:
- संस्कृति लोक कॉलोनी (लेन नंबर-6बी): हसन द्वारा बनाए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया।
- मानविय नगर (लेन नंबर-10): कृष्णा के अवैध निर्माण पर कार्रवाई।
- लकड़घाट रोड, श्यामपुर: रतूड़ी जी द्वारा बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन को सील किया।
- निर्मल बाग (ब्लॉक-बी, गली नंबर-11): सबसे बड़ी कार्रवाई, जहां अनुज, विपिन चौधरी, सूरवीर सिंह बिष्ट, सगुन शर्मा (2 भवन) और संदीप चौधरी के अवैध निर्माण सील किए गए।
यह पूरी कार्रवाई एसडीएम ऋषिकेश के आदेश पर संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में क्षेत्रीय सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता निशांत कुकरेती, जयदीप राणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “एमडीडीए क्षेत्र में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण सुरक्षा, यातायात और शहरी नियोजन के लिए गंभीर खतरा बनते हैं। हम लगातार अभियान चला रहे हैं और आगे भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया, “हम क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नोटिस दिए जाने के बावजूद जो लोग जवाब नहीं देते, उनके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी।”
एमडीडीए ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।