SGRR एजुकेशन मिशन के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, सीबीएसई कक्षा 12 में 100% सफलता
देहरादून: श्री गुरू राम राय एजुकेशन मिशन के स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देते हुए मिशन के शैक्षणिक उद्देश्यों को सार्थक किया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद् (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12 की परीक्षा परिणामों में मिशन के सभी विद्यालयों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है।
मिशन के चेयरमैन श्रीमंहत देवेन्द्र दास जी महाराज के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई है। श्री महाराज जी के आशीर्वाद से संचालित इन स्कूलों में छात्रों की प्रतिभा निरंतर निखर रही है।
विज्ञान संकाय में अनोखी राठी (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, नहेरूग्राम) ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनीस (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, रेसकोर्स) ने 95 प्रतिशत और आयुष रावत (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, पटेल नगर) ने 94.8 प्रतिशत अंक के साथ क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय में सोमेश बडथ्वाल (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, रेसकोर्स) ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे मिशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिवाक्षी मेहता (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, तालाब) 96 प्रतिशत के साथ दूसरे तथा हरप्रीत कौर (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, पटेल नगर) ने 95.2 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
कला संकाय में चित्रा (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, भानियावाला) ने 96.4 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान, वेदिका नेगी (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, बालावाला) ने 95.6 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान और ममता कुमारी (श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल, राजा रोड) ने 94.2 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
श्री गुरू राम राय एजुकेशन मिशन प्रबंधन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई दी है। साथ ही सभी नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।