भवाली में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, 5 लोगों की मौत

नैनीताल: नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक अत्यंत दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। सेनेटोरियम–रातीघाट बाईपास रोड पर ढैला गांव के निकट एक यूपी नंबर की कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बालिका शामिल हैं।

मृतकों के नाम:

  • भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), निवासी खटीमा
  • सीमा कैड़ा चुफाल (45), पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल
  • वासु चुफाल (19), पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल
  • रवी चुफाल (12), पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल
  • अनुज कुमार मिश्रा (34), चालक, निवासी लखनऊ

हादसे का विवरण कार (UP 32 QU 1874) भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। ढैला गांव के पास पहुंचते ही चालक के नियंत्रण से बाहर निकल जाने के कारण कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। घटनास्थल घने जंगल वाले दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण दुर्घटना का पता काफी देर से चला।

स्थानीय लोगों ने खाई में क्षतिग्रस्त कार देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम इलाके के कारण रेस्क्यू टीम को मौके तक पहुंचने में डेढ़ घंटे का समय लगा। जब टीम पहुंची तो सभी पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। शवों को खाई से बाहर निकालने का अभियान चलाया गया।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी क्राइम के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर लिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री का शोक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम धामी ने कहा, “नैनीताल में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा पहाड़ी क्षेत्रों में खतरनाक सड़कों और वाहन नियंत्रण की समस्या की ओर इशारा करता है।