- अतुल्यम रिजॉर्ट के पास अवैध सड़क-प्लाटिंग पर दोबारा ध्वस्तीकरण
- सीसी सड़क निर्माण पर चला बुलडोजर
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की सख्ती जारी है। अवैध कॉलोनी बसाने की एक और कोशिश को प्राधिकरण ने नाकाम कर दिया। विकासनगर तहसील के रेतीवाला क्षेत्र में स्थित अतुल्यम रिजॉर्ट के पास करीब 10 बीघा भूमि पर बिना अनुमति की अवैध प्लाटिंग और सीसी सड़क निर्माण को दोबारा ध्वस्त कर दिया गया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने यह कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार विपक्षी श्री अभिनव बंसल एवं अन्य लोगों द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। इस अवैध प्लाटिंग के लिए सीसी सड़क भी बनाई गई थी, जो उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन था।
प्राधिकरण ने पहले इस अवैध निर्माण को 20 मई 2026 को ध्वस्त किया था। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा दोबारा सड़क व प्लाटिंग का कार्य शुरू करने का प्रयास किया गया। शिकायत मिलने के बाद एमडीडीए की टीम ने पुनः मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध सीसी सड़क और अन्य संरचनाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और प्राधिकरण अधिकारियों की उपस्थिति रही।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमानुसार सुनियोजित विकास हमारी प्राथमिकता है। बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा विभिन्न सेक्टरों में टीमें गठित कर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें, क्योंकि अवैध प्लाटिंग में निवेश आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और वैधानिक अनुमति के किसी भी प्रकार के निर्माण या प्लाटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।