मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘सेवा विधि’ पुस्तक का विमोचन

  • लोकसेवकों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ होगी ‘सेवा विधि’: मुख्यमंत्री
  • जनहित सर्वोपरि, नियमों की सही समझ जरूरी: ‘सेवा विधि’ विमोचन पर बोले CM धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शिका का काम करेगी तथा उन्हें सेवा नियमों, अधिकारों और दायित्वों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाना है। किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए नियमों, प्रक्रियाओं और कानूनों की सही जानकारी आवश्यक है। उत्तराखण्ड राज्य गठन के बाद पहली बार ऐसी पुस्तक तैयार की गई है, जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े संवैधानिक प्रावधान, शासनादेश और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को सरल एवं व्यवस्थित रूप में संकलित किया गया है।उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि जनहित सुनिश्चित करना है। लोकसेवकों को नियमों की आत्मा को समझते हुए जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ है और इसी सोच के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं जवाबदेह बनाया जा रहा है।

पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में नियुक्ति, आरक्षण, परिवीक्षा, स्थायीकरण, ज्येष्ठता, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा आचरण, सेवानिवृत्ति, अवकाश नियमों सहित सरकारी सेवाओं से जुड़े संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों तथा उच्चतम और उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों का सार शामिल किया गया है। यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, रमेशचन्द्र शर्मा , हंसादत्त पाण्डेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तड़ागी सहित डॉ. डी.एस. रावत, कर्नल(से.नि.) शिव सहरावत, वैज्ञानिक(से.नि.) पी.सी.वर्मा, उपायुक्त परिवहन सुनील शर्मा, अनुभाग अधिकारी दीपक जोशी, रणधीर अरोड़ा,पूरन सिंह रावत, अश्विनी सिंह नेगी, आर.सी.एस. बिष्ट, विकास श्रीवास्तव एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।