80वें स्वतंत्रता दिवस पर MDDA में ध्वजारोहण, बंशीधर तिवारी ने पारदर्शिता पर दिया जोर

  • स्वतंत्रता दिवस पर बोले बंशीधर तिवारी: होगा देहरादून-मसूरी का संतुलित विकास

देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा सुनियोजित विकास के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों के त्याग की याद दिलाता है। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि एमडीडीए का मुख्य उद्देश्य देहरादून-मसूरी क्षेत्र में सुनियोजित व संतुलित विकास सुनिश्चित करना और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जनहित में कार्य करने के निर्देश दिए।

वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ क्षेत्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए संदेश—’सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी’—की भावना के अनुरूप एमडीडीए परिवार ने भी प्रदेश के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का दृढ़ संकल्प लिया।