देहरादून: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लोक भवन देहरादून में उल्लास, आत्मीयता और देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। राज्यपाल ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर सेपियंस स्कूल विकासनगर, हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तराखंड, समर वैली स्कूल देहरादून तथा देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने भी राज्यपाल को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड तथा समर वैली स्कूल देहरादून की छात्राओं ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, एसओएस चिल्ड्रन विलेज के बच्चों की ओर से प्रस्तुत ‘राम आएंगे’ गीत ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और भावनात्मक रंग भर दिया।
सेपियंस स्कूल विकासनगर की छात्राओं ने ‘रक्षा बंधन-राष्ट्र के प्रत्येक रक्षक का सम्मान’ विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया। देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस दौरान राज्यपाल ने छात्राओं और बच्चों से संवाद करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों से लेकर समाज और परिवार की सुरक्षा एवं कल्याण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करना रक्षाबंधन की भावना को और व्यापक बनाता है।
राज्यपाल ने कहा कि बच्चों द्वारा देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत करना इस बात का संदेश है कि नई पीढ़ी को संस्कारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
राज्यपाल ने लोक भवन में रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल सभी बहनों और छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके स्नेह और शुभकामनाओं से प8र्व की आत्मीयता और बढ़ी है। इस अवसर पर छात्राओं को राज्यपाल की ओर से स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी, संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
