SGRR विश्वविद्यालय में भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, मटकी फोड़ और जीवंत झांकियों ने जीता दिल

  • भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा पूरा परिसर
  • गोविंदाओं ने बनाया मानव पिरामिड, तालियों की गड़गड़ाहट के बीच फोड़ी दही-हांडी
  • माखन चोरी से लेकर कंस वध तक, छात्र-छात्राओं की जीवंत झांकियों ने मोहा मन

देहरादून: श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों, भजन-कीर्तन और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के हैलीपैड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया गया था, जहां आकर्षक सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों व कर्मचारियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा उनका आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आता है।कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ माननीय प्रेसिडेंट के सलाहकार विपिन चन्द घिल्डियाल, कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, डॉ. सोनिका कंडारी, डॉ. मालविका कांडपाल एवं डॉ. अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विश्वविद्यालय प्रांगण से शुरू हुई जन्मोत्सव की धूम हैलीपैड ग्राउंड तक जारी रही, जहां रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने बाल गोपाल की नटखट लीलाओं, माखन चोरी, गोपियों संग रासलीला, गोवर्धन पर्वत धारण करने और कंस वध जैसे प्रसंगों पर सुंदर व जीवंत नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं।समारोह का मुख्य आकर्षण विश्वविद्यालय के गोविंदाओं द्वारा दही-हांडी फोड़ने की रोमांचक प्रस्तुति रही, जिसमें उत्साह से सराबोर छात्रों ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही पूरा हैलीपैड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, “अच्युतम केशवम” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” जैसे भक्ति भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित छात्र-छात्राएं और शिक्षक भक्तिभाव में लीन नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर एसजीआरआर विश्वविद्यालय परिवार द्वारा लड्डू गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व में सुख, शांति और सद्भाव की कामना की गई तथा सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी और हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।