उद्भव फाउंडेशन समारोह: डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल की दो अंग्रेजी पुस्तकों का विमोचन

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में रविवार, 7 सितंबर 2026 को आयोजित उद्भव फाउंडेशन के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रख्यात लेखक एवं शिक्षाविद डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल केंद्र बिंदु रहे। इस भव्य मंच से डॉ. ढौंडियाल की दो नई अंग्रेजी कृतियों-‘फेयरी ऑफ बैंग्लो’ (कहानी संग्रह) तथा ‘क्वीन ऑफ सैगटम’ (उपन्यास) का विमोचन देश के प्रतिष्ठित विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व प्रसिद्ध शिक्षा विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने डॉ. ढौंडियाल की दोनों पुस्तकों का विस्तृत और सारगर्भित परिचय देते हुए उनके लेखन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने समसामयिक संदर्भों को जोड़ते हुए कहा कि डॉ. ढौंडियाल ने समाज में महिलाओं के कठिन संघर्षों, उनके संस्कारों और पुरुष-स्त्री के पारस्परिक मार्गदर्शन के ताने-बाने को अपनी रचनाओं में अत्यंत प्रभावी ढंग से उकेरा है।इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल ने कहा कि शिक्षक प्रशासनिक और व्यवस्थागत कार्यों को निभाते हुए भी पठन-पाठन को अत्यंत सुचारू रूप से आगे बढ़ाते हैं। इसी का परिणाम है कि समाज उन्हें छात्रों और पूरे समुदाय का सच्चा प्रेरक मानकर सर्वोच्च आदर प्रदान करता है।

मंच पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती लता गुप्ता, हंसराज कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. रमा, वरिष्ठ साहित्यकार श्री बी. एल. गौड़ और ‘नेशनल एक्सप्रेस’ के संपादक श्री विपिन गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। लगभग 150 प्रबुद्ध शिक्षाविदों की उपस्थिति में डॉ. ढौंडियाल के साहित्यिक योगदान को सराहा गया, वहीं कार्यक्रम का सफल संचालन कवि डॉ. विवेक गौतम ने किया।