SGRR विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी नर्सिंग विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

  • सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
  • सीनियर विद्यार्थियों के डांस और गीतों ने जमाया रंग
  • डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने विद्यार्थियों को मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

देहरादून: श्री गुरु राम राय कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल, कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, आईक्यूएसी सेल की निदेशक डॉ. सोनिया गंभीर, आईक्यूएसी के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अरुण कुमार और कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डीन डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने किया।इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नर्सिंग के क्षेत्र में सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का महत्व बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि नर्सिंग एक महत्वपूर्ण पेशा है, जिसमें मरीजों की देखभाल के साथ मानवीय संवेदनाओं और अनुशासन की अहम भूमिका होती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध अवसरों से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ विद्यार्थियों ने गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस आयोजन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल से जुड़ने का अवसर दिया।