- बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रहीं दुकानें और निर्माणाधीन संरचनाएं सील,
- उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा– नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
देहरादून: राजधानी देहरादून में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सात स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। इनमें बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाई जा रही दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य निर्माणाधीन संरचनाएं शामिल हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सात स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई
एमडीडीए की टीम ने विद्यासागर मार्ग पर गैस गोदाम के निकट संजीव फरासी द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया। वहीं, सुंदरवाला स्थित विज्ञान विहार कॉलोनी के खलंगा क्षेत्र में छमी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में रायपुर रोड पर शाह जनरल स्टोर के निकट ऋषभ भंडारी द्वारा निर्मित अवैध व्यावसायिक दुकानों को सील किया गया। खलंगा क्षेत्र में अभय प्रताप सिंह द्वारा किए जा रहे निर्माण के विरुद्ध भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की।
इसके अलावा देहराखास स्थित दून मेडिकल रोड पर अजय शर्मा और सौरभ जैन द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। अस्थल रोड पर एचआईटी कॉलेज के सामने, थेवा माल देवता रोड क्षेत्र में कपिल और पुलकित द्वारा किए जा रहे निर्माण तथा सहस्रधारा रोड पर विक्रम द्वारा किए जा रहे निर्माण के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण की टीम ने संबंधित स्थलों पर कार्रवाई करते हुए अनधिकृत निर्माणों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए। अभियान के दौरान क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।
निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृति अनिवार्य
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास के लिए भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन जरूरी है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण से शहरी नियोजन प्रभावित होने के साथ सड़क, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण की टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई: बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण से जुड़े नियमों और निर्धारित मानकों का पालन कराना आवश्यक है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शहर में अवैध निर्माणों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। प्राधिकरण की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रही हैं। जहां भी अनधिकृत निर्माण पाए जा रहे हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों और भवन निर्माताओं से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराने और नियमों का पालन करने की अपील की।
नियमित निगरानी कर रहा प्राधिकरण: मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करने वालों को नियमों का पालन करना होगा। निरीक्षण के दौरान अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर सीलिंग सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
