- 658 किलोमीटर की प्रतियोगिता का 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन
- मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभागियों को दी शुभकामनाएं, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की जताई उम्मीद
- राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति बनी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आकर्षण
हल्द्वानी/मुक्तेश्वर: उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने और प्रदेश की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे साइकिलिस्टों का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसी प्रतियोगिताएं प्रदेश के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती हैं। यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को भी मजबूती मिलती है और स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देश-विदेश के साइकिलिस्टों और पर्यटकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता, कला और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमालयन MTB चैलेंज राज्य को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 80 साइकिलिस्ट पहुंचे हैं। गाला डिनर के दौरान उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं को दर्शाती रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा ने मोहा मन
संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्यों और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। राजुला-मालूशाही की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से इस अमर प्रेमगाथा के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत कर दिया।
वहीं, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ी जीवनशैली की खूबसूरत झलक पेश की।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
