- 658 किलोमीटर की रेस 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरी कर हासिल किया पहला स्थान
- हरियाणा के शिवेन दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे
- 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्टों ने छह चरणों में तय किया मुक्तेश्वर से मसूरी तक का सफर
मसूरी: लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के शिवेन दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता मसूरी में संपन्न हुई। 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई रेस में देश के 18 राज्यों के साथ भारतीय थल सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने छह चरणों में मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक का सफर तय किया।
मात्र 19 वर्ष के त्सेवांग नोरबू ने शुरुआती दो चरण जीतकर बढ़त बनाई और अंत तक कायम रखी। शिवेन 8 मिनट 58 सेकंड के अंतर से दूसरे और खुशीमन घरती 9 मिनट 17 सेकंड के अंतर से तीसरे स्थान पर रहे। खुशीमन ने अंतिम तीन चरणों में जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया। रेस का सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का था।
मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देते हैं।
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि 658 किलोमीटर की इस रेस ने कुमाऊं से गढ़वाल तक उत्तराखंड की एकता का संदेश दिया है। ऐसे आयोजनों से कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान मिलेगी और स्थानीय गांवों में होमस्टे तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
पर्यटन विभाग के अनुसार आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा माणा पास से 100 मील हिमालयन एंड्योरेंस रन सहित वर्षभर विभिन्न साहसिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
