विश्व योगासन चैंपियनशिप में चमका SGRR विवि का सुमीर ज्ञवाली, जीते स्वर्ण व कांस्य पदक
देहरादून: योग की धरती उत्तराखंड ने एक बार फिर विश्व पटल पर अपनी पहचान चमकाई है। प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR University), देहरादून के प्रतिभाशाली छात्र सुमीर ज्ञवाली ने स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश तथा विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
भारतीय योगासन टीम की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए सुमीर ज्ञवाली ने पारंपरिक समूह प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं सीनियर-बी पुरुष वर्ग के ट्रेडिशनल योगासन इवेंट में उन्होंने उत्कृष्ट संतुलन, लचीलापन और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
विशेष रूप से यह उल्लेखनीय है कि विश्व चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय दल में उत्तराखंड से सुमीर ज्ञवाली एकमात्र खिलाड़ी थे। वर्तमान में वे श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी में एम.एससी. योगिक साइंस एंड अल्टरनेटिव थेरेपीज के छात्र हैं।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुमीर ज्ञवाली की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सुमीर की यह सफलता केवल पदकों की जीत नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर साधना का प्रेरक उदाहरण है। विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए बेहतरीन प्रशिक्षण और प्रोत्साहन ने उनकी उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन और विचारों को भी संतुलित व विजयी बनाता है। सुमीर ज्ञवाली की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक और व्यक्तिगत स्तर पर भी उत्कृष्टता हासिल कर सकता है।