विकसित कृषि का संकल्प, शिवराज-धामी ने नवाचार-किसान समृद्धि का मंत्र दिया
पंतनगर: पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप जलाकर किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर हरित क्रांति की पावन भूमि है। विश्वविद्यालय भारतीय कृषि का गौरवशाली केंद्र रहा है, जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन दिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की आध्यात्मिक राजधानी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश अब 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है, चावल में विश्व की नंबर-1 है, गेहूं अधिशेष में है और भारतीय चावल-गेहूं की विश्व मांग बढ़ रही है। पंतनगर का योगदान अतुलनीय है।
मंत्री ने चेतावनी दी कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, भूजल संकट, बदलता मौसम और मिट्टी का क्षरण भारत की कृषि को चुनौती दे रहा है। समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि पर जो अंतरराष्ट्रीय समझौते हुए, वे किसानों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखे गए। विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब कृषि विकसित और किसान समृद्ध होंगे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन एक पौधा लगाना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक फसलों के संरक्षण और फल-विविध उत्पादन बढ़ाने की अपील की। उन्होंने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय की “ब्रेन 3.0” कार्यशाला में अपनी अनुभव, ज्ञान और नवाचार को राज्य विकास से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र पंतनगर की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को मेंटरशिप, अनुसंधान, स्टार्टअप और डिजिटल कृषि में मार्गदर्शन दें। आधुनिक तकनीक – एआई, ड्रोन, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल मार्केटिंग – से उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि की समस्याओं का समाधान संभव है। “विकल्प रहित संकल्प” के साथ विकसित उत्तराखंड का निर्माण हो रहा है, पंतनगर और पूर्व छात्र इस अभियान को नई गति देंगे।
मंत्री चौहान और मुख्यमंत्री धामी ने पंतनगर संग्रहालय के स्टॉलों का निरीक्षण किया, छात्रों से संवाद किया और धान रोपाई की। केंद्रीय मंत्री ने पौधरोपण भी किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषणा का अनुरोध किया। कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और अन्य अधिकारी-पूर्व छात्रों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।