SGRRU में जैनिथ-2026 की धमाकेदार शुरुआत

आज विशाल मिश्रा की लाइव नाइट

देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “जैनिथ-2026” का आगाज बेहद रंगारंग माहौल के बीच हुआ। हेलीपैड ग्राउंड, पथरी बाग में आयोजित पहले दिन के कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने उत्सव को यादगार बना दिया। पहले दिन उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक तब देखने को मिली जब प्रियंका मेहर ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। “फूलदेई”, “नंदा देवी गीत” और “बेडू पाको बारो मासा” जैसे गीतों पर दर्शक झूम उठे और पूरा परिसर पहाड़ी रंग में रंग गया।इसके बाद डीजे निक ने हाई-वोल्टेज म्यूजिक और बॉलीवुड रीमिक्स ट्रैक्स से माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। युवाओं ने देर शाम तक जमकर डांस किया और कार्यक्रम स्थल एक ओपन एयर क्लब में तब्दील हो गया। इस दौरान महान गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी गई, जहां कलाकारों ने उनके सदाबहार गीतों के जरिए उन्हें याद किया।महोत्सव के दूसरे दिन यानी मंगलवार को बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा की लाइव प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह है। विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. के. प्रतापन, कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर समेत विश्वविद्यालय के कई अधिकारी, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।