- 8, 9 और 10 जनवरी को आयोजित होगी कथा
- श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की बैठक में बनी सहमति
- नई पीढ़ी को लोकदेवता परंपराओं से जोड़ने का लिया संकल्प
देहरादून: उत्तराखंड की लोकदेवता परंपराओं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की आम बैठक रविवार, 22 नवंबर को देहरादून में आयोजित की गई। टिहरी नगर के निकट बंगाली कोठी में आयोजित बैठक में द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा के आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित श्रद्धालुओं की सहमति से वर्ष 2027 में तीन दिवसीय कथा आयोजन की तिथि निर्धारित की गई।
समिति के अध्यक्ष सुशांत गैरोला ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा का आयोजन आगामी वर्ष 8 से 10 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कथा आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को देवभूमि की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना, आराध्य देवता श्री घण्टाकर्ण के प्रति आस्था को मजबूत करना तथा समाज में धार्मिक चेतना और आपसी एकजुटता को बढ़ावा देना है।
लोकदेवताओं से जुड़ी परंपराओं के संरक्षण पर जोर
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के लोकदेवताओं, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी है। श्री घण्टाकर्ण देवता के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को देखते हुए कथा आयोजन को व्यापक स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक भक्तों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। बैठक में आयोजन की तैयारियों को लेकर सामूहिक सहयोग और सहभागिता पर भी जोर दिया गया। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से द्वितीय श्री घण्टाकर्ण कथा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
आम बैठक में शेखरानंद बिजल्वाण, लाखोराम बिजल्वाण, सुरेंद्र दत्त बिजल्वाण, दीपक बिजल्वाण, सुधीर बिजल्वाण, सुशांत गैरोला, वैभव खंडूड़ी, आशीष नौटियाल, रामप्रसाद नौटियाल, कुंदन लाल बिजल्वाण, मुनी नौटियाल, प्रीती नौटियाल, सरिता भट्ट, जगमोहन सजवाण, महेशचंद्र बिजल्वाण, महेश चंद्र गैरोला, सीताराम सिंह सजवाण, ओमप्रकाश बिजल्वाण, सुंदर सिंह सजवाण, मुरारीलाल बिजल्वाण, एम.एस. सजवाण, मदन सिंह सजवाण और प्रशांत नौटियाल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
