SGRRU ने इंजीनियरिंग कॉलेज को देश के टॉप पर स्थापित करने का संकल्प विश्वस्तरीय
देहरादून: उत्तर भारत के हेल्डकेयर और मेडिकल एजुकेशन में अपनी मजबूत पहचान बना चुके श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) ने अब इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी छलांग लगाई है।
बुधवार को स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अत्याधुनिक बहुमंजिला भवन का शुभ लोकार्पण किया गया। आधुनिक प्रयोगशालाओं, उन्नत मशीनों, उत्कृष्ट आईटी फैकल्टी और उद्योग आधारित शिक्षण प्रणाली से सुसज्जित यह भवन तकनीकी शिक्षा में विश्वविद्यालय की नई सोच और मजबूत संकल्प का प्रतीक बन गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) दुर्गेश पंत एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रो. दुर्गेश पंत ने इंजीनियरिंग कॉलेज के विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक मशीनों और उच्च योग्यता वाले फैकल्टी की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि निकट भविष्य में एसजीआरआरयू देश के अग्रणी इंजीनियरिंग संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बना लेगा।
कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य इंजीनियरिंग कॉलेज को देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करना तथा विद्यार्थियों को देश-विदेश की प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनियों में उत्कृष्ट प्लेसमें्ट दिलाना है। कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर और डीन डॉ. सोनिका कंडारी ने भी विश्वविद्यालय की नवाचार-आधारित शिक्षा प्रणाली की सराहना की।
विद्यार्थियों को एआई, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग और अन्य उभरती तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रथम वर्ष से ही इंडस्ट्री विजिट, गेस्ट लेक्चर और प्रोजेक्ट-आधारित शिक्षण से उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है।
विश्वविद्यालय ने अल्बर्टा, मैकमास्टर यूनिवर्सिटी, आईआईटी रुड़की, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी खड़गपुर सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग की पहल की है, जबकि जर्मनी, जापान, चीन और दक्षिण कोरिया के विश्वविद्यालयों से अकादमिक साझेदारी पर वार्ता जारी है। इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार किए गए हैं।
इंजीनियरिंग प्रवेश में विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया है।