अवैध प्लॉटिंग पर चला MDDA का बुलडोजर, डोईवाला में पांच बीघा की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

  • भूखंड खरीदने से पहले वैधानिक स्वीकृति जरूर जांचें: बंशीधर तिवारी

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए बुधवार को डोईवाला के खेरी रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने बलविंदर सिंह द्वारा बिना वैधानिक स्वीकृति के करीब पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कों सहित अन्य निर्माण कार्यों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना वैधानिक स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियां न केवल शहर के सुनियोजित विकास में बाधा उत्पन्न करती हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी आर्थिक एवं कानूनी जोखिम में डालती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधानिक स्वीकृति एवं प्राधिकरण से अनुमोदन की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ एमडीडीए का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि एमडीडीए द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की शिकायतें प्राप्त होती हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करना नियमों का उल्लंघन है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार ध्वस्तीकरण सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की जानकारी प्राधिकरण को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।