- अस्पताल पहुंचीं आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, एसएसपी से वार्ता कर कार्रवाई की ली जानकारी
देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े पारिवारिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना के वायरल प्रकरण पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने अस्पताल पहुंचकर मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पुलिस प्रशासन को मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुसुम कंडवाल ने कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती रेखा आर्य से मुलाकात की। उन्होंने डॉ. गीता खन्ना और उपचार कर रहे अन्य चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उचित उपचार एवं निगरानी का आग्रह किया।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित पारिवारिक विवाद तथा कथित वीडियो से जुड़े मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल से वार्ता कर प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी भी ली। आयोग ने सभी पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई करने पर जोर दिया है।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि महिला चाहे आम हो या खास, महिला आयोग हर पीड़ित महिला के साथ खड़ा है। घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में किसी भी महिला को चुप रहने की आवश्यकता नहीं है। हर महिला को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। आयोग ने कहा कि वह पुलिस प्रशासन के संपर्क में है और प्रकरण की प्रगति पर लगातार नजर रखेगा।
