महिलाओं की छवि और अधिकारों पर राय रखेंगे युवा, देहरादून से शुरू होगा राष्ट्रीय संवाद

  • 30-31 अक्टूबर को ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में आयोजन
  • महिला सशक्तिकरण पर युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
  • 18 से 30 वर्ष के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय महिला आयोग की युवा सलाहकार समिति से जुड़ने का अवसर

देहरादून: फिल्मों और वेब सीरीज में महिलाओं की छवि कैसी होनी चाहिए? क्या डिजिटल मनोरंजन मंच महिलाओं को सशक्त रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं? ऐसे महत्वपूर्ण सवालों पर अब देश के युवा अपनी राय रखेंगे। राष्ट्रीय महिला आयोग की ‘मॉक सलाहकार समिति’ पहल की शुरुआत 30 और 31 अक्टूबर को देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में होगी। इसमें 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा महिलाओं के प्रतिनिधित्व, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार रखेंगे और समाधान सुझाएंगे।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी जरूरी है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से जुड़ने और बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

चयनित युवाओं को एक साल का अवसर

कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को एक वर्ष के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की युवा सलाहकार समिति का सदस्य बनने का अवसर मिलेगा। वे महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर आयोग को सुझाव दे सकेंगे। समिति के सदस्यों की घोषणा 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर किए जाने की योजना है।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक युवा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदनों में से चयनित प्रतिभागियों को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

आवेदन लिंक: https://forms.gle/yNWoPsqg48i9jRzw9