हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, छह घंटे में चार युवक गिरफ्तार

  • आईटीआई गैंग से जुड़े बताए जा रहे आरोपी, होटल में ले जाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप

हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक शहर में चर्चित आईटीआई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात नाबालिग बच्ची के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवक उनकी बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी के रूप में हुई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं मामले की निगरानी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों युवक आईटीआई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के साथ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।