- श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में ‘वन हेल्थ, वन एक्शन’ थीम पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
- 100 पीजी छात्र-छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने एएमआर की रोकथाम पर विशेषज्ञों से समझे जरूरी उपाय
- चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों के समन्वय को बताया गया एएमआर से मुकाबले का अहम आधार
देहरादून: एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अनुचित उपयोग एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध की गंभीर चुनौती को बढ़ा रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण एवं तर्कसंगत उपयोग और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। यह संदेश बुधवार को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में आयोजित एंटीमाइक्रोबियल स्टूअर्डशिप वीक जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दिया।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के एंटीमाइक्रोबियल स्टूअर्डशिप प्रोग्राम (एएमएसपी) एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 18 नवंबर 2026 को अस्पताल के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : एएमआर की रोकथाम के लिए अभी करें प्रयास’ रखी गई। कार्यक्रम में 100 पीजी छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य पेशेवरों ने प्रतिभाग किया। अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के प्रोफेसर तथा एएमएसपी कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. राजीव आचार्य ने किया। इस अवसर पर श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में डॉ. इवा चंदोला, डॉ. सुमन बाला, डॉ. क्षितिजा पांडे, डॉ. सुनंदिनी कपूर और डॉ. श्रुति मल्होत्रा ने विशेषज्ञ व्याख्यान दिए। उन्होंने एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल, एएमआर के बढ़ते खतरे और इसकी रोकथाम के लिए आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि दवाओं का अनुचित उपयोग संक्रमण के उपचार को कठिन बना सकता है। इसलिए एंटीबायोटिक का इस्तेमाल चिकित्सकीय सलाह और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाना चाहिए।
केस आधारित चर्चा और विशेषज्ञ पैनल ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान डॉ. यशिक बंसल और डॉ. सारण्या दत्ता ने केस आधारित इंटरैक्टिव चर्चा आयोजित की। इसमें प्रतिभागियों को विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों के उदाहरणों के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के उचित चयन और उपयोग की जानकारी दी गई।
इसके बाद डॉ. बिंदु अग्रवाल के संचालन में बहुविषयक पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. खालिद इस्माइल खतीब, सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. राजीव आचार्य, फार्माकोलॉजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. सुमन बाला, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं एएमएसपी कमेटी की सदस्य सचिव डॉ. इवा चंदोला तथा क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नूपुर बी. पटेल ने विशेषज्ञ के रूप में प्रतिभाग किया।
पैनल चर्चा में एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, विभिन्न चिकित्सा विभागों के बीच समन्वय और एएमआर की रोकथाम के लिए संस्थागत स्तर पर प्रभावी रणनीति अपनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का समापन एएमएसपी कमेटी की सदस्य सचिव डॉ. इवा चंदोला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल स्टूअर्डशिप स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। एंटीबायोटिक दवाओं का उचित उपयोग सुनिश्चित करने और एएमआर की रोकथाम के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित संस्थानों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
