हरिद्वार:कनखलकोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से32 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे को एक-एक किलोग्राम के पैकेट बनाकर टेप से लपेटने के बाद दो ट्रॉली बैग और एक कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे।
एसएसपी के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनखल पुलिस टीम श्रीयंत्र मंदिर से बैरागी कैंप जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और एक कट्टे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा एक-एक किलोग्राम के पैकेटों में पैक किया गया था।
पुलिस ने मौके से दिपेश पुत्र गोल्डन झा निवासी बैरागी कैंप, कनखल, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10, झुग्गी-झोपड़ी, कनखल तथा आदित्य राय पुत्र मुकेश राय निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, जनपद चंपावत को गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी, इसकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई मनोज गैरोला, एसआई नरेंद्र सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल प्रमोद शर्मा, कांस्टेबल रणजीत सिंह और गजय तोमर शामिल रहे।
