देहरादून: ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC) पर आधारित एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में रूस, तुर्की, मिस्र, ट्यूनीशिया, म्यांमार, लाइबेरिया और जिम्बाब्वे समेत 7 देशों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला का मुख्य विषय ‘एआई एंड हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग विद एनवीडिया डीजीएक्स बी200’ था। इस दौरान यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के विशेषज्ञ प्रो. डॉ. अरुण चौहान और डॉ. रेहान ने छात्रों को एनवीडिया के एआई और एचपीसी इकोसिस्टम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने एनवीडिया डीजीएक्स बी200 के आर्किटेक्चर, उसकी कम्प्यूटेशनल क्षमताओं और जीपीयू कंप्यूटिंग की आधुनिक भूमिका पर महत्वपूर्ण प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि आज के दौर में जीपीयू कंप्यूटिंग केवल शोध तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उपयोग मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, जेनरेटिव एआई, लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs), कंप्यूटर विजन और बड़े स्तर पर डेटा प्रोसेसिंग जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। छात्रों को एनवीडिया डीजीएक्स बी200 के माध्यम से एआई और मशीन लर्निंग एप्लिकेशन्स पर कार्य करने की प्रक्रिया का लाइव और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल अफेयर्स डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स एंड कम्प्यूटिंग डॉ. डी. आर. गंगोडकर और एक्जीक्यूटिव सुचित अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभिन्न देशों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिन्होंने तकनीकी दक्षता बढ़ाने के इस अवसर का लाभ उठाया।
