महिला सुरक्षा के लिए अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय जरूरी: NCW अध्यक्ष विजया रहाटकर

  • दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान के 39 जिलों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक
  • एनसीआर में एकीकृत महिला सुरक्षा डैशबोर्ड और नोडल अधिकारी नियुक्त करने का प्रस्ताव
  • सार्वजनिक परिवहन का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी दिया जोर

दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस को अपराध होने के बाद कार्रवाई के बजाय उनकी रोकथाम पर विशेष ध्यान देना होगा। अपराधी राज्यों की सीमाओं से बंधे नहीं होते, इसलिए पुलिस बलों को भी आपसी समन्वय से काम करना चाहिए।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एनसीडब्ल्यू की ओर से आयोजित बैठक में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के 39 जिलों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में महिला अपराधों की रोकथाम और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय पर चर्चा हुई।

रहाटकर ने सार्वजनिक परिवहन में सीसीटीवी निगरानी, जीपीएस ट्रैकिंग, पुलिस गश्त, स्ट्रीट लाइट और एसओएस सुविधाएं मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने साइबर स्टॉकिंग, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा थानों में महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाने की आवश्यकता भी बताई।

उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रदर्शन का आकलन केवल दर्ज एफआईआर से नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम, त्वरित प्रतिक्रिया और विवेचना की गुणवत्ता से भी होना चाहिए। बैठक में एनसीआर के लिए एकीकृत महिला सुरक्षा डैशबोर्ड बनाने, नोडल अधिकारी नियुक्त करने और सार्वजनिक परिवहन का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने के प्रस्ताव रखे गए।

बैठक में आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा, निवेदिता सुब्रमण्यम और उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुशासन का महत्वपूर्ण पैमाना है और इसके लिए पुलिस, प्रशासन तथा समाज का सामूहिक प्रयास जरूरी है।